सोलन: भारतीय जनता पार्टी ने सोलन जिला परिषद के 17 वार्डों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्यार सिंह द्वारा जारी सूची में इस बार कई पुराने चेहरों के नाम कटे हैं। कई सीटों पर पार्टी ने कई पुराने चेहरों पर दांव खेला है।
वहीं, अरसे से अपने चुनाव क्षेत्र में सक्रिय कई दावेदारों के नाम कटने से जिला में सियासी घमासान शुरू हो गया है। कई इलाकों में पार्टी को इससे भीतरघात का खतरा पैदा हो गया है। दूसरी तरफ सूची में नाम शामिल होते ही प्रत्याशी चुनाव प्रचार में कूद पड़े हैं।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोलन जिला परिषद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की सूची आलाकमान को भेजी गई थी। इस सूची का अवलोकन करने के बाद पार्टी हाईकमान ने प्रत्याशियों नामों की घोषणा कर दी है। जानकारी के अनुसार जिला भाजपा अध्यक्ष द्वारा संबंधित नामों का अनुमोदन किया गया था, जिस पर पार्टी ने अंतिम मुहर लगाते हुए सूची जारी की है।
प्रदेश भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार सोलन जिला के दाड़ला वार्ड से हीरा कौशल, धुंदन से भुवनेश्वरी शर्मा, डूमैहर से ओम प्रकाश शर्मा, कुनिहार से रविंद्र परिहार, सिरिनगर से सुनीता रोहाल, सलोगड़ा से कुमारी शीला, सपरून से तीर्थ राम ठाकुर, धर्मपुर से दर्पणा ठाकुर, कसौली गढ़खल से भीमावती, दाड़वा से रमेश ठाकुर, बरोटीवाला से अमर संधू, खेड़ा से शांति देवी, मझौली से पुष्पा देवी, दभोटा से सुशीला ठाकुर, बवासनी से राहुल शर्मा, रतवाड़ी से कमला देवी व कुंडलू जुखाड़ी से कर्म सिंह को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है।