अर्की उपचुनाव: राजेंद्र बोले- पार्टी से मुझे क्या हटाएंगे, पहले ही अर्की ब्लॉक कांग्रेस के 33 पदाधिकारी छोड़ चुके है कांग्रेस, अब कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ करेंगे प्रचार, पढ़े पूरी खबर..
अर्की: (हिमदर्शन न्यूज़); अर्की में कांग्रेस की गुटबाजी थमने का नाम नही ले रही है। कांग्रेस पार्टी छोड़ चुके राजेन्द्र ठाकुर अब कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी के खिलाफ प्रचार करने के लिए खुलेआम मैदान में उतर गए है। कांग्रेस से निष्कासन पर राजेंद्र ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस मुझे क्या हटाएगी, मैं तो पहले ही कांग्रेस और पद से इस्तीफा दे चुका हूं। उनका कहना है कि उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी को पांच अंकों से हार देंगे।
बता दें कि प्रदेश कांग्रेस से राजेंद्र ठाकुर को कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी के खिलाफ प्रचार करने पर छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इस पर राजेंद्र ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनको पार्टी से निष्कासित करने का कोई तुक नहीं है क्योंकि वह और अर्की ब्लॉक कांग्रेस के सभी 33 पदाधिकारी पार्टी और पद से पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।
राजेन्द्र ठाकुर ने कहा कि इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस छोड़ चुके सभी 33 पदाधिकारियों ने फैसला लिया है कि अर्की विधानसभा के इन उपचुनाव में अब वह कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ जमकर प्रचार किया जाएगा। उन्होनें कहा कि वह वर्ष 2003 से कांग्रेस के लिए काम करते रहे हैं। अर्की से धर्मपाल ने जब निर्दलीय चुनाव लड़ा था तो उस समय वह उनके साथ खड़े थे।
बीते कई वर्षों से वह पूर्व में 6 बार के मुख्यमंत्री व अर्की के विधायक वीरभद्र सिंह के माध्यम से अर्की विधानसभा के लोगों के विकासात्मक कार्य करने में लगे हुए थे लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निधन के बाद अर्की में उपचुनाव लड़ कर वह लोगों की सेवा करना चाह रहे थे लेकिन प्रदेश कांग्रेस ने उपचुनाव में ऐसे उमीदवार को टिकट दिया है जो पिछले कई सालों से विधानसभा क्षेत्र में नदारद रहा है। इसलिए वह और उनकी पूरी टीम अब अवस्थी के खिलाफ चुनाव मैदान में खुलेआम प्रचार करेगी।