मुख्यमंत्री बनने से पहले जीतकर तो दिखाएं कांग्रेस नेता, दिल्ली में डेरा जमाने से कुछ नहीं होने वाला, चुनाव के परिणाम होंगे चौंकाने वाले : सीएम जय राम ठाकुर
शिमला: मुख्यमंत्री बनने के कांग्रेस में कई कई नेता सपने देख रहे हैं और दिल्ली में डटे हैं। मुख्यमंत्री तो तब बनेंगे जब जीतकर आएंगे। कांग्रेस के बड़े-बड़े दिग्गजों की सीट अभी फंसी हुई है। सरकार तो भाजपा ही बनाएगी। ये बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में कही।
उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले होंगे और बड़ों बडों के हारने की नौबत है। जो पिछली विधानसभा में थे इस बार नजर नहीं आएंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव में ओपीएस अवश्य मुद्दा था लेकिन कर्मचारियों ने भाजपा को भी वोट किया है जो आठ दिसंबर को होने वाली मतगणना में नजर आएगा।
सीएम जय राम ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और हिमाचल में भाजपा की सरकार ही विकास को दिशा दे सकती है। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों तरफ से संयम बरता गया और ऐसी बयानबाजी नहीं हुई।
कांग्रेस के नेता पहले विधायक बन जीतकर तो आ जाएं तब मुख्यमंत्री बनेंगे। मुख्यमंत्री बनने के लिए दिल्ली की दौड़ लगी हुई है और दिल्ली के नेता मिलने से इंकार कर रहे हैं। कांग्रेस से तो आठ दिसंबर का भी इंतजार नहीं हो रहा है।
महिलाओं के प्रदेश में ज्यादा मतदान को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के लिए भाजपा ने जो बेहतर कार्य किए हैं उसका परिणाम भाजपा के हित में आएगा।