शिमला: कृषि कानूनों के विरोध में किसान पिछले डेढ़ महीने से दिल्ली में डटे हुए है। किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने आज राजभवन का घेराव किया व जोरदार धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट के द्वारा बनाई कमेटी को पूर्वाग्रह से ग्रसित बताकर किसान विरोधी बताया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस इन कानूनों के विरोध में शुरू से किसानों के समर्थन में खड़ी है। किसानों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया व जगह जगह धरने प्रदर्शन किए गए लेकिन केंद्र की किसान व युवा विरोधी सरकार के कान पर जूं तक नही रेंगी।
कृषि कानूनों के लिए बनाई गई समिति पर सवाल उठाते हुए राठौर ने कहा कि समिति के लोग पहले ही कृषि कानूनों के समर्थक व पूर्वाग्रह से ग्रषित है। जिनसे न्याय की उम्मीद कम है। उन्होंने कहा कि जब से मोदी सरकार आई तब से देश के किसानों के विरोध में निर्णय लिए जा रहे हैं। कांग्रेस 26 जनवरी को दिल्ली में किसानों के महाधरने का समर्थन करेगी।