शिमला: हिमाचल में 1 जून को 6 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से कैप्टन रंजीत सिंह राणा को चुनावी मैदान में उतर गया है। राणा ने पिछला चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था और उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी राजेन्द्र राणा को कड़ी टक्कर दी थी।
इसी तरह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए राकेश कालिया को गगरेट विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा गया है। राकेश कालिया पहले कांग्रेस में ही थे। वे कांग्रेस से विधायक रह चुके हैं और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव रह चुके हैं। बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे।
कुछ दिन पहले ही उनकी दोबारा कांग्रेस में वापसी हुई है। इसी तरह कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से विवेक शर्मा को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतर गया है। कांग्रेस पार्टी ने देर शाम टिकटों का ऐलान कर दिया है। अभी लोकसभा की दो सीटों विधानसभा की तीन और सीटों पर टिकट ऐलान होना बाकी है।
कांग्रेस पार्टी ने उपचुनाव के लिए तीन सीटों पर अभी टिकटों का ऐलान नहीं किया है इनमें धर्मशाला, बड़सर और लाहौल स्पीति शामिल है। यहां पर टिकटो को अभी भी होल्ड किया गया है। यहां पर किस प्रत्याशी बनाया जाए इसको लेकर मंथन चला हुआ है।
इन छह सीटों पर थे कांग्रेस के विधायक
इन सभी 6 विधानसभा सीटों पर पहले कांग्रेस के विधायक थे। धर्मशाला से सुधीर शर्मा, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो और गगरेट से चैतन्य शर्मा ने राज्यसभा चुनाव में बगावत कर क्रॉस वोट किया था। जिससे कांग्रेस कैंडिडेट अभिषेक मनु सिंघवी हार गए थे।